अपराधियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी, हथियार समेत पुलिस के हत्थे चढ़े लुटेरे
मुजफ्फरपुर
बिहार की मुजफ्फरपुर पुलिस को अपराधियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने लुटेरा गिरोह के छह बदमाशों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है. इनके पास से पुलिस को तीन देशी कट्टा, गोलियां, सात मोबाइल और लूटी गयी बाइक मिली हैं. यह गिरोह भोले-भाले लोगों से एटीएम कार्ड बदल कर एटीएम फ्रॉड भी करता है. इनकी गिरफ्तारी सकरा थाना इलाके से हुई है.
एएसपी वेस्ट सैयद इमरान मसूद ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी एक नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे लेकिन उससे पहले ही पुलिस नें इन्हें दबोच लिया. गिरफ्तार अपराधियों में सकरा का मुकेश कुमार, विक्रम मैक्स, रवि कुमार, विजय शर्मा, राहुल कुमार और सूरज कुमार शामिल हैं. गिरफ्तार अपराधियों नें पूर्व के कई वारदातों में अपना जुर्म कबूल किया है. इनमें से कई पहले भी जेल जा चुके हैं.
एसएसपी मसूद ने बताया कि इस गिरोह ने सकरा में फाइनेंस कर्मी से कैश लूट लिया था इसके अलावे समस्तीपुर के युवक से बाइक लूट और सकरा के बुजुर्ग से बेटी की शादी के लिए निकाले गये रूपये की लूट की बात अपराधियों ने स्वीकार की है. एएसपी मसूद ने बताया कि यह गिरोह मुजफ्फरपुर के सकरा समेत वैशाली और समस्तीपुर से सटे इलाकों में एनएच- 28 पर लूटपाट और छिनतई करता है. राहगीरों से लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद यह गिरोह दूसरे जिले में चला जाता है ताकि पुलिस से बच सके लेकिन मुजफ्फरपुर पुलिस ने इनकी चालाकी को पकड़ लिया और इन्हें दबोच लिया है.
एएसपी ने बताया कि पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन से लोग शामिल हैं. उनकी गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी. मुजफ्फरपुर पुलिस का मानना है कि अपराध नियंत्रण की दिशा में यह एक अहम कामयाबी है. इससे आपराधिक वारदातों पर नियंत्रण होगा.

पाठको की राय